देहरादून, 10 अक्टूबर। देहरादून शहर के प्रमुख चौराहों पर आए दिन प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि का आयोजन किया जाता है, जिस कारण शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे सबसे ज्यादा असर प्रमुख मार्गों और चौराहों के आस-पास के यातायात पर पड़ता है। जाम की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्देश जारी कर शहर के प्रमुख 6 चौराहों पर प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह ने संयुक्त रूप से आम जनता के हित में शहर के प्रमुख 6 चौराहों पर नई व्यवस्था बनाई है जहां धरना प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली के चलते काफी परेशानी होती है। इन आयोजनों से ट्रैफिक जाम होता है, आपातकालीन सेवाएं जाम में फंस जाती है और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को देखते हुए इन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आम जनता की सुगमता और जनहित के मद्देनजर घंटाघर, गांधी पार्क, एस्ले हॉल चौक, दर्शन लाल चौक, तहसील चौक, बुद्धा चौक जैसे महत्वपूर्ण व्यस्तम स्थानों पर धरना प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि को प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा कोई संगठनों या दल सचिवालय कूच करता है तो जुलूस और जनसमूह को परेड ग्राउंड परिसर के बाहर ढुंगा हाउस के पास एकत्रित होना होगा। उसके बाद जुलूस कनक चौक होकर पैसिफिक तिराहा से आगे बढ़ेगा जो आयकर तिराहे पर जाएगा। परेड ग्राउंड से राजभवन और सीएम आवास कूच पर जाने वाली भीड़ को पैसिफिक तिराहे पर ही रोका जाएगा। पारंपरिक शोभा यात्राओं और धार्मिक जुलूसों के लिए विशेष परिस्थितियों में समय, मार्ग और संख्या के निर्धारण को लेकर बैठक की जाएगी जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात प्रशासन को शामिल किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *