देहरादून/ नई दिल्ली, 25 अक्टूबर । केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव के लिए 20 नवंबर को होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा किसी भी क्षण कर सकती है। दोनों ही पार्टियों द्वारा अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा ने एक बार फिर अपनी दो बार की विधायक आशा नौटियाल का नाम लगभग फाइनल कर दिया है तथा कांग्रेस भी अपने एक बार के विधायक मनोज रावत पर दांव लगाने जा रही है। नाम तय हो चुके हैं, बस अब इनकी औपचारिक घोषणा किया जाना बाकी बताया जा रहा है। अंतिम समय में अगर कोई फेर बदल नहीं हुआ तो शुक्रवार देर शाम तक दोनों ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो जाएगी।
भाजपा के लिए इस सीट पर प्रत्याशी का चयन थोड़ा मुश्किल इसलिए हो रहा था क्योंकि दर्जन भर दावेदार थे। बताया जा रहा है कि भाजपा ने दो बार विधायक रही आशा नौटियाल पर इसलिए भरोसा जताया है क्योंकि उन्हें पिछले चुनाव में टिकट नहीं दिया गया था फिर भी वह पार्टी के साथ खड़ी रही। उधर कांग्रेस के पास कोई ज्यादा विकल्प नहीं थे इसलिए अपने एक बार के विधायक मनोज रावत पर ही भरोसा जताया गया है। जब तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं होती है तब तक इसमें फेर बदल भी संभव है।
