देहरादून, 10 दिसम्बर। ओएनजीसी के सेवानिवृत्त अधिकारी की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।
जीएमएस रोड के पॉश कालोनी अलकनन्दा एन्क्लेव में अकेले रह रहे ओएनजीसी के सेवानिवृत्त इंजीनियर अशोक कुमार गर्ग की बीती शाम नृशंस हत्या कर दी गयी थी। पडोसियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो गयी थी। पुलिस की शुरूआती जांच मेें मामला लूट का नहीं लग रहा था क्योंकि कमरे मे ंरखे पैसे उसी जगह पर सुरक्षित रखे हुए थे। घर का हर सामान जहां जैसा रखा रहता था वैसे ही रखा था। पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जायेगा।
मृतक अशोक कुमार गर्ग 2008 में ओएनजीसी में इंजीनियर पद से रिटायर हुए थे। कुछ वर्ष पहले ही उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। पत्नी के निधन के बाद वो अकेले रहते थे। उनके घर होम डिलीवरी वाले आते रहते थे। मृतक की एक बेटी गुरुग्राम और दूसरी बेटी चेन्नई में रहती है।