देहरादून, 31 दिसम्बर। जमीन के नाम पर 85 लाख रूपये की ठगी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ग्राम कोल्हूपानी नंदा की चौकी निवासी युवराज क्षेत्री ने प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसको रमेश सिंह निवासी रानीपोखरी, देहरादून ने बताया कि बृजमोहन सिंह सिन्धवाल अपनी जमीन बेचना चाहता है। रमेश सिंह ने उसकी मुलाकात बृजमोहन सिंह सिन्धवाल निवासी रामनगर डाण्डा, देहरादून से उसके निवास स्थान पर करवायी तथा उसकी जमीन दिखायी, जिसके बाद उसके व बृजमोहन मध्य एक विक्रय अनुबन्ध पत्र रामनगर डाण्डा, देहरादून का सौदा 59 लाख रूपये में तय किया गया तथा उसके द्वारा चैक व नगद के माध्यम से कुल बाईस लाख एक हजार रूपये बृजमोहन सिंह सिन्धवाल को अदा किये। उक्त विक्रय अनुबन्ध पत्र में बृजमोहन सिंह सिन्धवाल द्वारा उसको सब मिलाकर कुल 6.5 बीघा उपलब्ध करवानी थी। बृजमोहन सिंह व रमेश सिंह ने उसको सतेन्द्र सिंह की रामनगर डाण्डा, देहरादून की भूमि दिखायी और बताया कि सतेन्द्र सिंह से बृजमोहन का 4 बीघा भूमि का अनुबन्ध हो गया है जिसकी पुष्टि स्वयं सतेन्द्र सिंह व रमेश सिंह द्वारा की गयी तथा बृजमोहन सिंह सिन्धवाल, सतेन्द्र सिंह व रमेश सिंह द्वारा कहा गया कि वह सीधा सतेन्द्र सिंह निवासी रामनगर डाण्डा के खाते में धनराशि डाल दे और वही धनराशि विक्रय पत्र में दर्शा दी जायेगी तथा इन्हीं सब लोगों पर विश्वास करके उसके द्वारा अब तक बृजमोहन सिंह सिन्धवाल, सतेन्द्र सिंह को चौक व नगर / बैंकिग ऑनलाईन के माध्यम से विभिन्न तिथियों में अब तक कुल 85 लाख रूपये से अधिक की धनराशि अदा की जा चुकी है। जिसके बाद उक्त लोगों द्वारा उसका फोन उठाना बंद कर दिया। जिसके बाद उसको ज्ञात हुआ कि उसके साथ धोखाधडी हो गयी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
