देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित हो रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों का आज आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के लिए इस भव्य राष्ट्रीय आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। राष्ट्रीय खेलों का विधिवत उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय कार्यक्रम के अनुसार दून पहुंच चुके हैं। जहां वह पहले मुख्यमंत्री, मंत्रियों व अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं पर बैठक की। देर शाम प्रधानमंत्री रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 हजार दर्शकों के बीच राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे।
गोवा में आयोजित किए गए 37वें राष्ट्रीय खेलों के समापन के समय उत्तराखंड राज्य को 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी देने का फैसला लिया गया था। इस आयोजन में तमाम राज्यों के 10 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिसमें 4 हजार से अधिक महिला खिलाड़ी हैं। राज्य सरकार द्वारा बीते कई माह से दिन—रात इस खेल महाकुंभ के सफल आयोजन का तैयारी की जा रही थी। राज्य में पहली बार होने वाले इन राष्ट्रीय खेलों के लिए अच्छे खेल मैदान उपलब्ध कराना तथा इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के रहने तथा खाने की सुविधाजनक व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती थी। वही खिलाड़ियों तथा वीवीआईपी की सुरक्षा भी बड़ी जिम्मेदारी थी जिसको पूरा करने का दावा खेल मंत्री रेखा आर्य ने किया है।
मंगलवार को शुरू होने वाले इन राष्ट्रीय खेलों का समापन 14 फरवरी को होगा। राज्य के आठ जिलों के 12 शहरों में 35 खेलों का आयोजन होगा जिसमें कुल 10 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उत्तराखंड ने 37वें राष्ट्रीय खेलों में 24 पदक जीते थे जबकि 36वें राष्ट्रीय खेलों में 16 पदक जीते थे। अब जब यह खेल उनके घरेलू मैदान में हो रहे हैं तो ऐसे में राज्य के खिलाड़ियों को और अधिक पदक जीतने के साथ ओलंपिक खेलों के लिए राज्य के खिलाड़ियों के लिए संभावनाओं के दरवाजे खुलने की उम्मीद भी की जा रही है। आज दोपहर मुख्यमंत्री धामी ने खुद स्टेडियम जाकर तैयारियों को परखा था। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रमों व आतिशबाजी की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय खेलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 10 हजार से अधिक पुलिस सुरक्षा में लगी है। इस बार राज्य सरकार के अनुरोध पर योग और राफ्टिंग को भी इन खेलों में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी आज इन खेलों का उद्घाटन करेंगे तथा आज शाम आठ बजे बाद उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *