देहरादून। भारतीय जनता पार्टी 2027 की चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इसी के तहत भाजपा ने प्रदेश के संगठन में बदलाव शुरू कर दिया है। भाजपा ने सोमवार को 18 जिलाध्यक्षों के नाम की सूची जारी कर दी है।
भाजपा का नेतृत्व लंबे समय से संगठन में बदलाव की तैयारियों में जुटा हुआ था। 2027 की चुनावी तैयारियों में जुटी भाजपा ने 18 जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में आधे से अधिक पूर्व जिलाध्यक्षों को फिर से रिपीट किया गया है तथा कुछ को बदला गया है। देहरादून महानगर अध्यक्ष के पद पर सिद्धार्थ अग्रवाल तथा पछुआ दून का जिला अध्यक्ष मीता सिंह और परवादून का जिला अध्यक्ष का कार्य भार राजेंद्र तड़ियाल को सौंपा गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि मजबूत संगठन के दम पर वह तीसरी बार चुनाव जीत सकती है। इसलिए सांगठनिक मजबूती भाजपा की पहली प्राथमिकता है। चुनावों में जिला अध्यक्षों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहती है इसलिए चुनाव से 2 साल पहले ही जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। उधर अपना कार्यकाल पूरा कर चुके भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति भी इसी माह संभव है।
इस सूची में नैनीताल में प्रताप सिंह बिष्ट , चंपावत में गोविंद सामंत, कोटद्वार में राज गौरव, उत्तरकाशी मेें नागेन्द्र चौहान, पिथौरागढ़ में गिरीश जोशी, अल्मोड़ा में महेश नयाल, बागेश्वर में बंसती देवी, टिहरी में उदय रावत जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। पौड़ी में कमल किशोर रावत व रूद्रप्रयाग में भारत भूषण भट्ट को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। चमोली में राजपाल बर्थवाल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। रूद्रपुर में कमल जिंदल व रूड़की में डा. मधू सिंह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। काशीपुर में जिलाध्यक्ष मनोज पाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
