देहरादून। रायपुर क्षेत्रान्तर्गत ईश्वर विहार में एक संरक्षित पशु के अवशेष सड़क पर मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया और हिन्दूवादी संगठनों ने मौके पर पहुंच जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंच लोगों को समझाने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने पशु के अवशेषों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह प्रात: करीब साढे ग्यारह बजे रायपुर क्षेत्रान्तर्गत ईश्वर विहार में एक संरक्षित पशु के अवशेष मिलने से हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता वहां पर एकत्रित हो गये और रायपुर चौक पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया तथा कहा कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जायेगा और जांच कर उसका पता लगाया जायेगा। रायपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि लोगों को समझाने का प्रयास किया और शांति व्यवस्था बनाये रखने को कहा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाही करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया।
