देहरादून। जनपद में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन ने विकासनगर तहसील क्षेत्र के शीशमबाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार और अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर की गई।
प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्व विभाग की टीम ने शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई। जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार संचालित की जा रही थी।
प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व नियमानुसार नोटिस जारी करने सहित सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं। इसके बाद राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके तहत विभिन्न तहसीलों में चिन्हित अतिक्रमण स्थलों का सर्वेक्षण किया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि नए अतिक्रमणों को समय रहते रोका जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।