चमोली, 23 सितम्बर। सचिवालय में नौकरी लगाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसका एक अन्य साथी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। बीते रोज राहुल सिंह पुत्र बाग सिंह निवासी बांसवाडा पोस्ट सेरा ने थाना नन्दानगर में तहरीर देकर बताया गया था कि प्रीतम सिंह नेगी पुत्र धन सिंह नेगी निवासी ग्राम सिमली थाना कर्णप्रयाग व मुकेश सती पुत्र अमलानन्द सती निवासी ग्राम कुन्तरी थाना नन्दानगर घाट ने उसकी पत्नी को सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख 35 हजार रूपये की धनराशि हड़प ली गयी है। उन्होने उसकी पत्नी के व्हाटसएप पर फर्जी कूटरचित नियुक्ति पत्र भी भेजा है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच में मामला सही पाये जाने पर पुलिस ने आरोपी प्रीतम सिंह नेगी को सिमली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस मामले में मुकेश सती के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और उसके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। बहरहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।