हरिद्वार। जनपद में देर रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव के समीप अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक में आग लग गई, जिससे दोनों युवक आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल पुत्र रामवीर और राजकमल पुत्र राजेंद्र कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई।

आग की लपटों और गंभीर चोटों के चलते दोनों युवक खुद को बचा नहीं सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद जलती बाइक से दोनों के शवों को अलग किया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर बहादराबाद थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *