ऋषिकेश/ देहरादून। हीरालाल मार्ग स्थित एक कबाड़ी की दुकान में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लग गई। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन दुकान के अंदर जली हालत में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी भेज दिया है। मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बताई जा रही हैं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दुकान बाहर से ताला बंद होने के कारण ताला तोड़कर शटर खोला गया। कबाड़ में लगी आग बुझाने के दौरान अंदर युवक का जला हुआ शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव कब्जे लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुकान बाहर से बंद थी, ऐसे में युवक अंदर कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी प्रतीत हो रही है, लेकिन हत्या या आत्महत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटाए जा रहे हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तड़के आग की लपटें दिखीं और दुकान के अंदर से ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाजें आईं। शटर बंद होने के कारण किसी को बाहर नहीं निकाल पाए। तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *