देहरादून, 01 दिसम्बर। आम आदमी पार्टी (आप) महानगर देहरादून ने नगर निकाय चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रविवार को राजपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में महानगर उपाध्यक्ष जितेंद्र पंत ने कहा कि सरकार जानबूझकर चुनाव नहीं करा रही है ताकि जनता की आवाज को दबाया जा सके।
उन्होंने कहा, सरकार की इस देरी की वजह से आम जनता परेशान है। उनके कार्य अटके हुए हैं और उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। पहले लोग पार्षदों के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज कराते थे, लेकिन अब नगर निकाय का कार्यकाल खत्म होने के बाद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
पंत ने बताया कि पार्टी के सदस्य लगातार दून के 100 वार्डों में जाकर जनता से मुलाकात कर रहे हैं। हर जगह लोगों का यही कहना है कि उनकी आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है और समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी और सत्तारूढ़ दल का असली चेहरा जनता के सामने लाएगी।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों ने क्षेत्रीय समस्याओं को उजागर किया और आप नेताओं ने उन्हें विश्वास दिलाया कि पार्टी उनकी आवाज बनकर सरकार से जवाब मांगने का काम करेगी।
कार्यक्रम में पार्टी के महानगर अध्यक्ष शरद जैन, उपाध्यक्ष चौधरी रविंदर, वीर सिंह, उषा शर्मा, संजय छेत्री, ताराचंद डंगवाल, सुधीर पंत, मुकुल बिडला, सुशील सैनी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *