रुद्रप्रयाग/चमोली, 01 नवंबर। उत्तराखंड के धामों में शुक्रवार को भी दिवाली मनाई जा रही है। सभी चारों धामों में विशेष पूजा अर्चना की जा रही है तथा कपाट बंद होने की तारीख नजदीक होने के कारण धामों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम पहुंचे हैं तथा पूजा अर्चना की है।
शनिवार को भैया दूज के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पूर्व मां गंगा और यमुना के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दोनों धामों में देखी गई। इस वर्ष गंगोत्री के दर्शन करने 8 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं तथा यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी 7 लाख से ज्यादा रही है।
धामों में प्रकाशोत्सव के कारण केदारनाथ धाम में ज्यादा श्रद्धालु आए। 3 नवंबर को बाबा के मंदिर के कपाट बंद होने वाले हैं और उनकी डोली उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर को रवाना होने वाली है। इस यात्रा सीजन में अब तक केदारनाथ में 16 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। अभी तक सभी चारों धामों में इस वर्ष रिकॉर्ड 43 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। 17 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा का भी समापन हो जाएगा।
