देहरादून। शहरी विकास एवं वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के त्यागपत्र देने के बाद मैदानी मूल के लेागों में नाराजगी है। सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष के आह्वान पर डोईवाला के सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर डोईवाला चौक बाजार में एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। डोईवाला बाजार बंद होने की खबर लगते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल व्यापारियों और जनता की बीच पहुंचे।
प्रेमचंद अग्रवाल ने माइक संभालते हुए भारत माता की जय के नारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की और प्रदर्शनकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें व्यापारियों के बंद और उनके रोष की जानकारी मिली, वे हाथ जोड़कर धन्यवाद देने के लिए आए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके पास व्यक्तिगत रूप से कुछ नहीं है, बल्कि जनता का ही प्यार उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
व्यापारियों से प्रतिष्ठान खोलने की अपील करते हुए अग्रवाल ने कहा कि उन्हें प्रदेश के विकास के लिए आगे बढ़ना है और वह अन्य क्षेत्रों, जैसे ऋषिकेश में भी इसी प्रकार के समर्थन के लिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठान खोल दें और आगे बढ़ें।
विदित हो कि प्रेमचंद अग्रवाल को हाल ही में एक विवादित बयान के कारण कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बजट सत्र के दौरान उनके बयान से जनता में आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद उनके खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन होने लगे। विपक्ष और जनता के बढ़ते दबाव के चलते आखिरकार रविवार को उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।