देहरादून, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराडीसैंण में मॉर्निग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। भराड़ीसैंण में रात्रि विश्राम करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) के दो दिवसीय दौरे पर रहे। उन्होंने यहां उत्तराखंड के लिए प्रस्तावित भू कानून पर उच्चाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया, वहीं पलायन निवारण आयोग की बैठक में भी पहाड़ में पलायन रोकथाम के प्रयासों पर मंथन किया। विधानसभा सत्र के अलावा पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में रात्रि विश्राम किया है। इसके बाद वृहस्पतिवार की सुबह मुख्यमंत्री धामी भराड़ी सैंण विधानसभा परिसर से मॉर्निंग वॉक पर निकले। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया साथ ही स्थानीय निवासियों से मिलकर उनकी समस्याएं पूछी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भराड़ीसैंण (गैरसैंण) क्षेत्र में सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को सुधारने का प्रयास कर रही है। सरकार गैरसैंण के विकास के लिए रोड मैप के साथ काम कर रही है।
