हरिद्वार, 12 मई 2025। भगवानपुर-मंगलौर हाईवे पर बीती शाम दो गुटों के बीच हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी गोलीबारी में बदमाश घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीती शाम सालियर के पास भगवानपुर-मंगलौर हाईवे पर दो गुटों में आपसी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना हुई। इस दौरान नदीम (27 वर्ष), पुत्र शमीम, निवासी पुहाना, थाना भगवानपुर, को बाएं हाथ और पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। नदीम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देहात क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी अभियान के तहत रात करीब 1:05 बजे कोतवाली गंग नहर के प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ सालियर अंडरपास के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक को रोकने का इशारा किया गया। युवक ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे की कच्ची सर्विस लेन की ओर भागने लगा। लगभग 600 मीटर तक पीछा करने के बाद उसकी बाइक कच्ची मिट्टी में फंस गई। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर युवक ने दोबारा जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गोलियां चलाई गईं। एक गोली युवक को लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान रोहित राणा, पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम करौंदी, थाना भगवानपुर के रूप में की। वह बीती शाम की फायरिंग की घटना में शामिल था। पुलिस ने उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए। घायल रोहित को तत्काल राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *