देहरादून, 17 अक्टूबर । स्थानीय उत्पादों को बाजार देने केलिए प्रशासन द्वारा विभिन्न मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में सरस मेले का आयोजन भी शामिल है। वृहस्पतिवार को जानकारी देते मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि किसानों तथा दुकानदारों के उत्थान के लिए देहरादून में आगामी 18 से 27 अक्टूबर तक सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरस मेले में स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी, दस्तकार और हस्तकला कारीगर अपने स्टाल्स की प्रदर्शनी लगांएगे और बड़े स्तर पर अपने उत्पादों को बेचेंगे। सरस मेले में विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। देहरादून सरस मेले के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की समिति बनाते हुए दायित्व सौंपे गए हैं। प्रत्येक दिन गोष्ठी और कार्यशाला के लिए प्रभारी अधिकारी भी नामित किये गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने गठित समिति के सदस्यों को आपस में समन्वय कर मेले का सफल आयोजन करने को कहा है।
उन्होंने बताया देशभर के सभी राज्यों में भी इस सरस मेले को लेकर के निमंत्रण भेजा गया है। देश के कई राज्यों से भी लोग यहां पर आने वाले हैं। सरस मेले में दूसरे राज्य अपने ट्रेडिशनल और हैंड क्राफ्ट हैंडलूम के स्टाल्स लगाते हैं साथ ही भारत की संस्कृति भी देहरादून सरस मेले में देखने को मिलती है।
