देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल रोजगार हासिल करना नहीं, बल्कि जनसेवा के एक नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि वर्षों के परिश्रम, संघर्ष, अनुशासन और धैर्य के बाद मिली यह सफलता युवाओं की प्रतिभा, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप आज सरकारी नौकरियों में चयन का आधार केवल योग्यता और मेरिट है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। नवचयनित कार्मिकों से उन्होंने अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्मिक प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देंगे, जबकि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा वन विभाग के चयनित कार्मिक समाज कल्याण, मातृ-शिशु सुरक्षा और वन संपदा संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी विकसित राज्य बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में आधारभूत संरचना, निवेश और रोजगार के अवसरों का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवचयनित युवा अपनी ऊर्जा और कार्यकुशलता से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।