टिहरी/ देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम जा रही एक यात्री बस टिहरी जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंडीखाल-चंबा मार्ग के खेतधार मोड़ के समीप यह दुर्घटना हुई। गंगोत्री से केदारनाथ की ओर जा रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना कंडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे जौलांगी क्षेत्र के पास हुई। बस में 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, दो रसोइए, चालक और परिचालक शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस चारधाम यात्रा पर निकली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेतधार मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में घायल हुए पांच यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा के दौरान पर्वतीय मार्गों पर लगातार सामने आ रही दुर्घटनाएं प्रशासन और परिवहन विभाग के लिए चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहनों की फिटनेस, चालक की सतर्कता और पर्वतीय मार्गों पर विशेष निगरानी की आवश्यकता है।