हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में हादसा, टक्कर से बचने के प्रयास में डंपर ढाबे में घुसा

हरिद्वार। गंगा स्नान के बाद राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस सोमवार सुबह हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान के नागौर निवासी एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 38 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का एक दल हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। सुबह शांतिकुंज के समीप सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस अचानक पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा और वहां खड़ी एक बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि डंपर की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकंवर पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर (राजस्थान) को मृत घोषित कर दिया।

घायलों का उपचार जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है। कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन के अनुसार बस में कुल 45 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय चालक द्वारा संतुलन खोने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *