देहरादून। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरे में डालने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। विकासनगर पुलिस ने चैकिंग अभियान के दौरान तीर्थ यात्रियों को लेकर जा रहे एक टेम्पो ट्रेवलर के चालक को शराब के नशे में धुत्त पाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया, जबकि यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए रवाना किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरबर्टपुर बस स्टैंड पर पुलिस द्वारा नियमित चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरिद्वार से चारधाम जा रहे एक टेम्पो ट्रेवलर को रोककर जांच की गई। वाहन चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसका एल्कोमीटर से श्वास परीक्षण कराया। जांच में चालक द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम कुलदीप सिंह पुत्र लखमेर सिंह निवासी हरिपुर तोंगिया, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को सीज कर दिया।
बताया गया कि चालक अपने वाहन में राजस्थान से आए 20 तीर्थ यात्रियों, जिनमें 11 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल थे, को लेकर चारधाम यात्रा पर निकला था। समय रहते पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल दूसरे वाहन की व्यवस्था की और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के लिए रवाना किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के मद्देनजर लगातार चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा यात्रियों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।