टिहरी/देहरादून। सिंगटाली पुल के समीप गंगा नदी में डूबे दो लोगों की तलाश में जुटी राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। लगातार चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी लापता महिला की तलाश अभी भी जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई को थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में दो लोगों के डूबने की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीमों ने व्यापक खोज अभियान शुरू किया था। बीते दो दिनों से टीम स्कूबा डाइविंग, राफ्ट और आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की सहायता से नदी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही थी।

शनिवार को अभियान के दौरान एसडीआरएफ को सफलता मिली और मेरठ निवासी नरेश उपाध्याय (42 वर्ष) का शव शिवपुरी क्षेत्र के समीप गंगा नदी से बरामद किया गया। नरेश उपाध्याय उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद स्थित जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा के निवासी थे। एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।

हालांकि घटना में लापता हुई ऋतु माहेश्वरी (30 वर्ष), पत्नी वांशिक माहेश्वरी, निवासी मेरठ का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। एसडीआरएफ की टीमें गंगा नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोज अभियान चला रही हैं। महिला की तलाश के लिए स्कूबा डाइवर्स, राफ्ट टीमों और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद ली जा रही है।

एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग की जा रही है और स्थानीय प्रशासन तथा परिजनों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। लापता महिला का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और खोज अभियान लगातार जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *