देहरादून। राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह अल्मोड़ा के उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्करसिंहधामी ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि राज्य आज नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल दूसरे स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और नवाचारी कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह उन कर्मयोगियों को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं और व्यक्तियों ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के सामने हर वर्ष कई चुनौतियां आती हैं, लेकिन इकोलॉजी और इकोनॉमी को साथ लेकर चलने की सोच के कारण राज्य सतत विकास के मॉडल के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय उत्तराखंड नीति आयोग की एसडीजी रैंकिंग में 10वें स्थान पर था, लेकिन आज राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है तथा सरकार उन क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सामूहिक प्रयासों के चलते राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में भी 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हुए विकास के कारण राज्य में रिवर्स पलायन भी बढ़ा है और लोग गांवों की ओर लौटकर स्वरोजगार अपना रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्राप्त करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है।

समारोह में प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *